डेढ़ घंटे तक फिल्मी स्टाईल में चला ‘पुलिस बनाम शराब माफिया’ का पीछा, बाजार में तीन चक्कर लगाने के बाद फंसी पिकअप; 774.06 लीटर विदेशी शराब जब्त,चहुं और थाना पुलिस की चर्चा।

दस्तक 7 मीडिया | मनीगाछी (दरभंगा)

दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र में रविवार को शराब माफिया और पुलिस के बीच करीब डेढ़ घंटे तक फिल्मी अंदाज में पीछा चलता रहा। शराब से लदी पिकअप को लेकर भाग रहे चालक ने पुलिस से बचने के लिए मनीगाछी बाजार और आसपास की सड़कों पर तीन बार चक्कर लगाया, लेकिन थाना प्रभारी रंजीत कुमार की मुस्तैदी के आगे उसकी एक न चली। आखिरकार पिकअप का एक चक्का फंस गया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।मनीगाछी थाना पुलिस ने इससे पूर्व भी इलाके में कई बार शराब माफियाओं का पीछा करते हुये बड़ी खेप पकड़ चुकी हे।

जानकारी के अनुसार, मनीगाछी थाना प्रभारी रंजीत कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि वाजितपुर थाना क्षेत्र के विधिपूर गांव निवासी कथित शराब कारोबारी कपिल यादव एक पिकअप वाहन (UP 25 ET 3765) से विदेशी शराब की बड़ी खेप लेकर मनीगाछी थाना क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।

इसी दौरान किसी माध्यम से पिकअप चालक को पुलिस की चेकिंग की भनक लग गई। चालक ने वाहन मोड़कर दूसरे रास्ते से भागने का प्रयास किया। उधर, थाना प्रभारी को उनके गुप्तचर ने सूचना दी कि पिकअप चालक रास्ता बदलकर फरार होने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिना समय गंवाए पुलिस टीम के साथ पीछा करने निकल पड़े।

भागने के दौरान चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए दूसरे रास्ते से होकर दोबारा मनीगाछी बाजार में घुस गया और पुलिस को चकमा देने के लिए बाजार व आसपास की सड़कों पर तीन बार चक्कर लगाया। इस दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस और शराब माफिया के बीच चल रहे इस पीछा को देखकर बाजार के करीब 20 से 25 लोग भी पुलिस की मदद के लिए आगे आए और पिकअप का पीछा करने लगे।

करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज पीछा के बाद पिकअप का एक चक्का फंस गया। मौके का फायदा उठाते हुए पुलिस ने वाहन को घेर लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार चालक की पहचान विवेक यादव, पिता रबिंद्र यादव, निवासी बहुअरवा, थाना मनीगाछी, जिला दरभंगा के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें से 774.06 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके बाद वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी एवं कथित शराब कारोबारी कपिल यादव, पिता शिवकुमार यादव, निवासी विधिपूर, थाना वाजितपुर, जिला दरभंगा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है।

मनीगाछी थाना पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में शराब तस्करी के खिलाफ जिले की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।स्थानीय लोग एक स्वर में कह रहे हे कि थानाध्यक्ष ने लगातार शराब माफियाओं की कमर तोड़ी हे इसके कारण आपराधिक घटनाओं में भी कमी आई हे।