दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल निर्माण का डीएम ने लिया जायजा, काम में तेजी लाने के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को निर्माणाधीन दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यकारी एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

डीएम ने टर्मिनल भवन तक पहुंच के लिए प्रस्तावित अस्थायी एप्रोच रोड (पहुंच पथ) के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ इस कार्य में तेजी लाने और आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य किसी भी स्तर पर प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि टर्मिनल भवन निर्माण में अपेक्षित गति लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत भी दी।

इस मौके पर एयरपोर्ट निदेशक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार आर्य सहित संबंधित विभागों के अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।