मधुबनी में बेखौफ बदमाशों का तांडव: व्यापारी के घर तीन बार ताबड़तोड़ फायरिंग, ईंट-पत्थरों की बरसात, रंगदारी नहीं देने पर हमले का आरोप
मधुबनी / कुमार गौरव
मधुबनी जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते नजर आए। पंडौल थाना क्षेत्र के बथने गांव में रविवार सुबह करीब 10:15 बजे 20 से 25 की संख्या में पहुंचे बेखौफ अपराधियों ने कपड़ा एवं किराना व्यवसायी दीपक कुमार सिंह के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। फायरिंग के साथ अपराधियों ने ईंट-पत्थरों की भी जमकर बरसात की। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव दहल उठा और व्यापारी परिवार किसी तरह घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
पीड़ित दीपक कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों ने तीन अलग-अलग चरणों में रुक-रुक कर फायरिंग की। उनका आरोप है कि गांव के हरदेव सिंह के पुत्र मनमोहन सिंह तथा उसके सहयोगियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने बथने दुर्गा मंदिर के पास भी गोलीबारी कर पूरे इलाके में भय का माहौल बना दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पंडौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इधर, एसएसपी योगेंद्र कुमार ने प्रारंभिक जांच में इस घटना को भूमि विवाद से जुड़ा मामला बताया है। हालांकि पीड़ित व्यापारी ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अपराधियों ने एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी और रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को निशाना बनाते हुए हमला किया गया। व्यापारी ने एसएसपी से अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना ने एक बार फिर मधुबनी में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े 20–25 अपराधियों द्वारा खुलेआम फायरिंग और दहशत फैलाने की घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
मोबाईल फोन से परिजनों द्वारा लिया गया चुपके से फोटो
