दरभंगा में एडीजी (यातायात) ने की पुलिसिंग की समीक्षा, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दरभंगा में रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) बिहार, पटना सह नोडल पदाधिकारी, दरभंगा की अध्यक्षता में जिले की कानून-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उप-महानिरीक्षक (मिथिला क्षेत्र), वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कार्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पुलिस पर हमले से संबंधित निष्पादित एवं लंबित कांडों की समीक्षा कर ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही हर्ष फायरिंग से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

सांप्रदायिक घटनाओं से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाने और शराब माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने पर विशेष बल दिया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक ने त्वरित विचारण (स्पीडी ट्रायल) के लिए चयनित कांडों की समीक्षा कर अभियोजन प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा थाना एवं ओपी भवन निर्माण की स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

सड़क दुर्घटनाओं के डिजिटल प्रबंधन से जुड़े iRAD/eDAR पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा सीसीटीएनएस (CCTNS) में सभी आंकड़ों को नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई करने और विवादों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक के अंत में अपर पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में सक्रिय असामाजिक एवं अपराधी तत्वों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रहे।