नगर पंचायत बिरौल, स्वच्छता के नाम पर छलावा, शहीद भगत सिंह चौक से मंदिर घाट तक फैली गंदगी से लोग परेशान

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

नगर पंचायत बिरौल में इन दिनों स्वच्छता अभियान सिर्फ कागजों और दावों तक ही सिमटकर रह गया है। 18 जुलाई 2026, शनिवार का दिन इस बात का प्रमाण है कि यहां सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले शहीद भगत सिंह चौक से लेकर मंदिर घाट तक की सड़कों पर पसरी गंदगी और जगह-जगह लगे कचरे के ढेर न केवल बदबू फैला रहे हैं, बल्कि स्थानीय लोगों और राहगीरों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों का आक्रोश सातवें आसमान पर है। लोगों का कहना है कि यह स्थिति केवल आज की नहीं है, बल्कि पिछले एक सप्ताह से शहर में नियमित सफाई और कचरा उठाव का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। मुख्य सड़कों के किनारे कचरे के ढेर जमा हो गए हैं, जिससे गुजरना तक मुश्किल हो गया है। बावजूद इसके, नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी इन मार्गों पर दिखाई तक नहीं दिए। जनता का सबसे बड़ा दर्द यह है कि उनकी इस बुनियादी समस्या की सुध लेने वाला कोई नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बार-बार गुहार लगाने के बाद भी न तो सफाई सुपरवाइजर इस ओर ध्यान दे रहे हैं और न ही नगर प्रशासन कोई ठोस कदम उठाने की जहमत उठा रहा है। क्या नगर पंचायत बिरौल की जवाबदेही केवल कागजी रिपोर्ट तैयार करने तक सीमित है? शहीद भगत सिंह चौक से मंदिर घाट तक का यह मुख्य मार्ग अक्सर व्यस्त रहता है। गंदगी के इस आलम के कारण स्थानीय दुकानदारों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि नगर प्रशासन ने अब भी अपनी कुंभकर्णी नींद नहीं तोड़ी, तो आने वाले दिनों में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा और भी बढ़ सकता है।


नगर पंचायत प्रशासन को चाहिए कि वह तत्काल प्रभाव से एक सफाई अभियान चलाकर कचरे का उठाव सुनिश्चित करे और दोषी और लापरवाह सुपरवाइजरों पर कड़ी कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।