धबौलिया पुल पर भीषण सड़क हादसा, बुलेट सवार तीन युवकों की मौत, सड़क जाम।
दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान।
कुशेश्वरस्थान प्रखंड में शनिवार शाम एसएच-56 स्थित धबौलिया पुल पर हुए भीषण सड़क हादसे में बुलेट सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। नाराज ग्रामीणों ने कुशेश्वरस्थान–फुलतोरा सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतकों की पहचान कुशेश्वरस्थान प्रखंड के बड़गांव निवासी पत्रकार अरुण कुमार राय के छोटे पुत्र आर्मी जवान अखिलेश कुमार राय, कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत के धबौलिया निवासी स्वर्गीय राम सिंह के 38 वर्षीय पुत्र पंकज राय तथा केवटगामा पंचायत के भरडीया निवासी संतोष यादव के पुत्र बादल यादव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बुलेट बाइक पर सवार होकर धबौलिया से कुशेश्वरस्थान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धबौलिया पुल पर खड़ी एक ट्रक के पीछे उनकी बाइक तेज रफ्तार में जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुशेश्वरस्थान पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कुशेश्वरस्थान थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
एक साथ तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन से उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। मौके पर एसडीओ प्रभाकर तिवारी सहित कई थानों की पुलिस पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने में जुटी हुई है।