झाड़ी से 94 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद,नगर थाना क्षेत्र के रत्नोपट्टी ब्रह्मस्थान के पास गुप्त सूचना पर छापेमारी, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पुलिस की सख्ती जारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दरभंगा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के रत्नोपट्टी ब्रह्मस्थान के समीप झाड़ियों में छापेमारी कर कुल 94 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया। पुलिस ने बरामद कफ सिरप को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि रत्नोपट्टी ब्रह्मस्थान के पास झाड़ियों में अवैध रूप से प्रतिबंधित कफ सिरप छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद नगर थाना की पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान झाड़ियों से कुल 94 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ।

पुलिस का कहना है कि बरामद कफ सिरप किस उद्देश्य से वहां छिपाकर रखा गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं तथा संभावित तस्करों की पहचान के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर अनुसंधान जारी है।