दो दिनों में शत-प्रतिशत CMR आपूर्ति करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम कौशल कुमार,

सीएमआर आपूर्ति की समीक्षा बैठक में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों व राइस मिलरों को सख्त निर्देश, कमजोर प्रदर्शन वाले प्रखंडों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले में सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों एवं राइस मिलरों को अगले दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित लक्ष्य और समय-सीमा का हर हाल में पालन किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने प्रखंडवार सीएमआर आपूर्ति की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कई प्रखंडों का प्रदर्शन जिला औसत से कम मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और ऐसे सभी प्रखंडों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

डीएम ने कहा कि जिन प्रखंडों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वे तत्काल आवश्यक कदम उठाकर सीएमआर आपूर्ति में तेजी लाएं। उन्होंने अधिकारियों और राइस मिलरों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला प्रबंधक, एसएफसी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि जिन पैक्सों के लिए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों ने एसडीआर (स्टॉक डिलीवरी रसीद) की मांग की है, उन्हें बिना विलंब उपलब्ध कराया जाए, ताकि सीएमआर आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं राइस मिलरों को लंबित सीएमआर आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा प्रतिदिन प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि तय समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।