बहादुरपुर थाना में नगर पुलिस अधीक्षक ने की अनुसंधान समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने शनिवार को बहादुरपुर थाना में सभी अनुसंधानकर्ताओं के साथ लंबित कांडों की समीक्षा बैठक की। बैठक में बहादुरपुर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पर विशेष जोर देते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय से वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए तथा फरार आरोपितों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जाए।
बैठक में कांडों की दैनिकी एवं अन्य पुलिस अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, प्रतिवेदित मामलों की सतत समीक्षा करने तथा इस माह निष्पादित किए जाने योग्य मामलों को चिन्हित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा डायल-112 की टीम को लगातार भ्रमणशील रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अनुसंधानकर्ता निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करें, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।