एसएसपी ने बहेड़ा थाना का किया वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दरभंगा ने शनिवार, 18 जुलाई 2026 को बहेड़ा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों, लंबित कांडों, विधि-व्यवस्था की स्थिति तथा प्रशासनिक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और पुलिस कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने दागी पंजी, अपराध पंजी, जेल से छूटे अपराधियों की पंजी, केस डिस्पोजल रजिस्टर, दैनिकी पंजी, ओडी पंजी, गुंडा पंजी, अपराध अनुसंधान पंजी, हाजत पंजी, गिरफ्तारी पंजी, पीसी रजिस्टर समेत अन्य सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की।

उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी करने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने का निर्देश दिया। सभी अनुसंधानकर्ताओं को प्रतिदिन रिपोर्ट तैयार करने और कांड दैनिकी को नियमित रूप से अद्यतन रखने के लिए भी निर्देशित किया गया।

पीसी रजिस्टर की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने समन, बीडब्ल्यू (BW) और एनबीडब्ल्यू (NBW) की तामिला प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं इश्तिहार एवं कुर्की की कार्रवाई प्राप्ति के तीन दिनों के अंदर पूरी करने को कहा।

निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और हाजत सुरक्षा का भी निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा नशे के कारोबार और नशेड़ियों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने तथा स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित गश्ती बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन और आम जनता के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।