जनगणना 2027: जिला जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण के लिए प्रशिक्षण शुरू, DCHB App की दी गई जानकारी
जनगणना 2027: जिला जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण के लिए प्रशिक्षण शुरू, DCHB App की दी गई जानकारी
जनगणना 2027: जिला जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण के लिए प्रशिक्षण शुरू, DCHB App की दी गई जानकारी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
भारत की जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में जिला परिषद सभागार, दरभंगा में शनिवार से चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 25 जुलाई तक चरणबद्ध तरीके से चलेगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, मकानों की गणना एवं सूचीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद अब ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार की जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना निदेशालय, बिहार की मार्गदर्शिका एवं प्रधान जनगणना अधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन दरभंगा सदर के चार्ज अधिकारियों और क्षेत्रीय कर्मियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय, पटना से प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक रोहित कुमार एवं रामध्यान सिंह ने प्रतिभागियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह हस्तपुस्तिका जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से जुड़े प्रशासनिक, सामाजिक, आर्थिक, जनसांख्यिकीय तथा आधारभूत संरचना संबंधी महत्वपूर्ण आंकड़ों का संकलन होती है, जो विकास योजनाओं, नीति निर्माण और शोध कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों को DCHB App के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। ऐप के माध्यम से डेटा संग्रह, सत्यापन, प्रविष्टि, त्रुटि सुधार और ऑनलाइन अपलोड की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही डेटा की शुद्धता, गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के संबंध में आवश्यक तकनीकी निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन ने सभी नामित अधिकारियों एवं कर्मियों से प्रशिक्षण में प्राप्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिला जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करने की अपील की है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 जुलाई तक जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी चार्जों के अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों के लिए अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जाएगा।