बेनीबाद के बठवाड़ा में ट्रक से 127 कार्टन शराब बरामद, धंधेबाज फरार,मधनिषेध विभाग कि कारवाई

दीपक कुमार/ गायघाट

बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने ऐसी ही एक बड़ी तस्करी की साजिश का पर्दाफाश करते हुए सीमेंट की बोरियों की आड़ में छिपाकर लाई जा रही विदेशी शराब की खेप बरामद की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन वाहन को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

उत्पाद विभाग के अनुसार, उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम को गुप्त सूचना मिली थी कि बेनीबाद थाना क्षेत्र के बरुआरी और शिवदहा गांव में एक डीसीएम ट्रक वाहन से सीमेंट की आड़ में भारी मात्रा में विदेशी शराब पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की योजना बनाई गई।

टीम जब बरुआरी गांव पहुंची तो संदिग्ध डीसीएम ट्रक को घेरने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख चालक वाहन लेकर गांव से निकलकर घने जंगलों की ओर भागने लगा। उत्पाद विभाग की टीम ने भी तत्परता दिखाते हुए पिकअप का पीछा किया। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद चालक वाहन शिवदहा पंचायत के बठवाड़ा में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

उत्पाद विभाग ने मौके से पिकअप को अपने कब्जे में लेकर उत्पाद थाना पहुंचाया। वाहन की तलाशी लेने पर सीमेंट की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब सिक्किम एक्साइज के ग्रीन लेवल बताया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। बरामद वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही फरार चालक और इस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग का कहना है कि पुलिस और उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।