दरभंगा एसएसपी  ने डकैती कांडों की समीक्षा की, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित डकैती कांडों के शीघ्र निष्पादन को लेकर शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) दरभंगा ने अपने कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में सदर, सिंहवाड़ा, केवटी, मब्बी एवं बहेड़ा थाना के थानाध्यक्षों और अनुसंधानकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक के दौरान SSP ने थानावार पूर्व से लंबित सभी डकैती कांडों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक मामले की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुसंधान में तेजी लाने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा गंभीर आपराधिक मामलों में प्रभावी कार्रवाई को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों एवं अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।