दरभंगा में ‘उद्योग वार्ता’ का आयोजन, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान व निवेश प्रोत्साहन पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

उद्योग विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय “उद्योग वार्ता” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने की। इसका उद्देश्य जिले के उद्यमियों एवं नए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक लोगों की समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें सरकार की औद्योगिक एवं निवेश प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देना था।

बैठक में प्रभारी महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र सुरुचि कुमारी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से राज्य निवेश प्रोत्साहन परिषद (SIPB) और उद्योग स्थापना की सरल एवं समयबद्ध प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से विभिन्न विभागों की स्वीकृतियां अब एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने बिजली आपूर्ति, बैंक ऋण, औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।

अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त ने कहा कि “विकसित बिहार के निर्माण में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।” उन्होंने उद्यमियों से लघु उद्योगों के साथ-साथ बड़े एवं आधुनिक उद्योग स्थापित करने की अपील भी की।

कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता (विद्युत), वन प्रमंडल पदाधिकारी, राज्य कर संयुक्त आयुक्त, श्रम अधीक्षक, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, उप महाप्रबंधक (बियाडा), अग्रणी जिला प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्योग विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।