हायाघाट PVCS चुनाव से पहले सदस्यता विवाद, दूसरे प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष पर नियम उल्लंघन का आरोप

हायाघाट, संवाददाता

हायाघाट प्रखंड प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड (PVCS) के आगामी चुनाव से पहले सदस्यता को लेकर विवाद गहरा गया है। समिति के कई सदस्यों ने बहादुरपुर प्रखंड के श्रीदीलपुर निवासी एवं बहादुरपुर PVCS के पूर्व अध्यक्ष तथा वर्तमान शेयरधारक सदस्य माधवेंद्र कुमार ठाकुर पर नियमों का उल्लंघन कर हायाघाट PVCS की सदस्यता हासिल करने और चुनाव लड़ने की तैयारी करने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सह निर्वाची पदाधिकारी, हायाघाट, उप विकास आयुक्त, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, दरभंगा तथा बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार, पटना को लिखित आपत्ति देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि माधवेंद्र कुमार ठाकुर बहादुरपुर प्रखंड के स्थायी निवासी हैं। उनका नाम बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज है तथा आधार कार्ड और किसान निबंधन भी उसी पते पर आधारित है। वह बहादुरपुर PVCS के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में भी वहां के वैध शेयरधारक सदस्य हैं। उन्होंने 18 मार्च 2026 को हुए बहादुरपुर PVCS चुनाव में अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ा था।

आरोप है कि बहादुरपुर में चुनाव हारने के बाद उन्होंने हायाघाट PVCS के अध्यक्ष विनोद ठाकुर के सहयोग से कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हायाघाट PVCS की सदस्यता स्वीकृत करा ली। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि यह बिहार सहकारी सोसाइटी नियमावली, 1959 के नियम-10 का उल्लंघन है, जिसके अनुसार समान उद्देश्य वाली सहकारी समिति का सदस्य एक समय में केवल एक ही समिति का सदस्य हो सकता है और उसे संबंधित समिति के कार्यक्षेत्र का निवासी होना आवश्यक है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार इसी कारण प्रारंभिक मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया था। अब दावा-आपत्ति प्रक्रिया का लाभ उठाकर अंतिम मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का प्रयास किया जा रहा है।

सदस्यों ने निर्वाची पदाधिकारी से आग्रह किया है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर आपत्ति का निष्पादन किया जाए तथा किसी भी परिस्थिति में नियमों के विपरीत उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाए, ताकि चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।