गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई: कमतौल से 1,011 लीटर विदेशी शराब व बीयर बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले में अवैध शराब के खिलाफ मद्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कमतौल थाना क्षेत्र के अहियारी गोट डीह टोला में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जबकि बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मद्य निषेध टीम ने बुधवार देर रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान 806 लीटर विदेशी शराब और 205 लीटर बीयर, यानी कुल 1,011 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल मद्य निषेध विभाग या स्थानीय पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।