18 जुलाई को दरभंगा में लगेगी विशेष लोक अदालत, तीन न्यायालय परिसरों में होगा आयोजन
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
लंबित मामलों के त्वरित और आपसी सहमति से निपटारे के उद्देश्य से 18 जुलाई 2026 को दरभंगा जिले में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सिविल न्यायालय, दरभंगा, व्यवहार न्यायालय, बेनीपुर तथा व्यवहार न्यायालय, बिरौल परिसर में सुबह 10:15 बजे से शुरू होगा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के निर्देश पर विशेष लोक अदालत के सफल संचालन के लिए विभिन्न पीठों का गठन किया गया है। सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपनी-अपनी पीठ में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
लोक अदालत की कार्यवाही के दौरान नियुक्त क्लर्क आदेश पत्र तैयार करेंगे, विधिवत निर्णय लिखेंगे तथा कार्यवाही समाप्त होने के बाद निस्तारित मामलों की सूची सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) को उपलब्ध कराएंगे।
इसके अलावा संबंधित न्यायालयों के सभी क्लर्कों को आवश्यक अभिलेखों और मामलों की फाइलों के साथ अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि लोक अदालत की कार्यवाही सुचारु रूप से संपन्न हो सके।