खगड़िया में दारोगा से सरकारी पिस्टल और मोबाइल लूटने वाला बदमाश ‘हाफ एनकाउंटर’ में गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /खगड़िया

बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दारोगा से सरकारी सर्विस पिस्टल और मोबाइल छीनकर फरार हुए एक शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई सरकारी पिस्टल और मोबाइल भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार (14 जुलाई 2026) की देर रात बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर-कुर्बन पथ स्थित कचरा भवन के पास पुलिस टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया गया। तलाशी का विरोध करते हुए तीनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और सब-इंस्पेक्टर राहुल कुमार के साथ मारपीट करते हुए उनकी सरकारी सर्विस पिस्टल, मोबाइल फोन तथा पुलिस की टोपी छीनकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार उर्फ अखिलेश सदा को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पुलिस जब उसे लेकर लौट रही थी, तभी रांकि बासा के समीप आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने और पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने चेतावनी को अनसुना कर दिया। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुर्बान गांव (वार्ड संख्या-4) निवासी लालो सदा के पुत्र अखिलेश कुमार उर्फ अखिलेश सदा के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई सरकारी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सघन छापेमारी अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।