बेनीबाद के जाता कांटा हॉस्टल से 15 वर्षीय छात्र लापता, बिना अनुमति निकला; पुलिस ने शुरू की तलाश

दीपक कुमार, गायघाट।

मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित जाता कांटा के आदर्श सरस्वती आवासीय विद्यालय से एक 15 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्र के अचानक गायब होने से विद्यालय प्रबंधन और परिजनों में चिंता का माहौल है। सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, दरभंगा जिले के भरवाड़ा निवासी प्रशांत भारती के 15 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार बुधवार की सुबह करीब 4:30 बजे हॉस्टल से बिना किसी अनुमति के बाहर निकल गए। सुबह जब हॉस्टल के कर्मचारियों को उनकी अनुपस्थिति का पता चला तो तत्काल परिसर और आसपास उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलने पर बेनीबाद थानाध्यक्ष राजकुमार गौतम स्वयं आदर्श सरस्वती आवासीय विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, ताकि छात्र के बाहर निकलने के समय और दिशा का पता लगाया जा सके।

पुलिस छात्र की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी और खोजबीन कर रही है। वहीं विद्यालय प्रबंधन ने भी छात्र के संबंध में उपलब्ध सभी जानकारियां पुलिस को सौंप दी हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और छात्र की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।