धरौड़ा चेकपोस्ट और बहेड़ा थाना का एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दरभंगा ने बुधवार को बहेड़ा थाना क्षेत्र का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने धरौड़ा चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों का निरीक्षण किया और वाहन जांच अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने तथा सभी आवश्यक रजिस्टरों का सही तरीके से संधारण करने के निर्देश दिए।

इसके बाद एसएसपी ने बहेड़ा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आगंतुक पंजी, केस डिस्पोजल पंजी, दैनिकी पंजी, ओडी पंजी, गुंडा पंजी, अपराध अनुसंधान पंजी, हाजत पंजी, गिरफ्तारी पंजी, पीसी रजिस्टर, केस डायरी रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, आरोपितों की त्वरित गिरफ्तारी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित समन, बीडब्ल्यू (BW) एवं एनबीडब्ल्यू (NBW) की प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर तामिला सुनिश्चित करने तथा इश्तिहार एवं कुर्की की कार्रवाई तीन दिनों के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।

एसएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, हाजत की सुरक्षा व्यवस्था तथा CCTNS से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को अपने थाना क्षेत्र के स्कूलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने न्यायालय में समय पर केस डायरी भेजने, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित सभी अभिलेखों एवं लंबित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।