दरभंगा में 6 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, पैसों के विवाद में दोस्त की लाठी से हत्या
दरभंगा में 6 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, पैसों के विवाद में दोस्त की लाठी से हत्या
दरभंगा में 6 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, पैसों के विवाद में दोस्त की लाठी से हत्या
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा पुलिस ने सकतपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी महज छह घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में उसकी संलिप्तता स्वीकार करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह करीब 7:35 बजे सूचना मिली कि सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान कनकपुर गांव निवासी मनोज कुमार ठाकुर उर्फ लादेन (38) का शव उजान काली मंदिर परिसर में पड़ा है। अज्ञात बदमाश द्वारा हत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा तथा एफएसएल टीम से घटनास्थल का वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित कराया।
मृतक के परिजन संतोष कुमार के आवेदन पर सकतपुर थाना में अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि 13 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे मृतक मनोज ठाकुर और किसुन कामती (50) के बीच काली मंदिर परिसर में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने शांत करा दिया था।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में रात 11:51 बजे किसुन कामती हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर मंदिर की ओर जाता दिखाई दिया, जबकि करीब 12:15 बजे वह बिना डंडे के लौटता नजर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पैसों के विवाद को लेकर उसने मनोज कुमार ठाकुर के सिर पर लाठी से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
छापेमारी टीम में पु.अ.नि.-सह-थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार, पु.अ.नि. चार्ली कुमारी,सिपाही हरि शंकर कुमार, महिला सिपाही शिवानी कुमारी, महाल चौकीदार शम्भू कुमार, महाल चौकीदार परितोष कुमार शामिल थे