दरभंगा में महिलाओं के लिए ‘पिंक बस’ सेवा शुरू, छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित और सुविधाजनक सफर

हनुमाननगर (दरभंगा), संवाददाता।

कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं, शिक्षिकाओं और अन्य महिला यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार से ‘पिंक बस सेवा’ की शुरुआत कर दी है। यह बस लोहिया चौक से कॉलेज होते हुए रामस्वरूप चौक तक संचालित होगी। प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।

पिंक बस में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी बटन लगाए गए हैं। साथ ही सामान्य बसों की भीड़-भाड़ से अलग यह सेवा छात्राओं और महिलाओं को आरामदायक एवं तनावमुक्त यात्रा का अनुभव देगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, बस का पहला फेरा सुबह करीब 6:30 बजे लोहिया चौक से पटोरी के लिए रवाना होगा। दूसरा फेरा सुबह 9:00 बजे लोहिया चौक से पटोरी के लिए चलेगा। बस का अधिकतम परिचालन रामस्वरूप चौक तक होगा। वापसी में बस सुबह 7:30 बजे तथा शाम 4:00 बजे रामस्वरूप चौक/पटोरी से लोहिया चौक के लिए संचालित होगी।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस सेवा के शुरू होने से कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं और शिक्षिकाओं को काफी राहत मिलेगी। लोगों ने जिला प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला सुरक्षा और बेहतर सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।