हनुमाननगर को मिला अपना पहला सरकारी डिग्री कॉलेज, मुख्यमंत्री ने किया ऑनलाइन उद्घाटन

हनुमाननगर/दरभंगा।

हनुमाननगर प्रखंड के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से राजकीय डिग्री महाविद्यालय, हनुमाननगर (कोल्हंटा पटोरी) का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही राज्य के उन 211 प्रखंडों में उच्च शिक्षा का नया अध्याय शुरू हुआ, जहां अब तक कोई डिग्री कॉलेज नहीं था।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मिथिला की परंपरा के अनुसार अतिथियों का पाग और चादर देकर सम्मान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि यह संस्थान हनुमाननगर के शैक्षणिक उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने नवप्रवेशित प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और नैतिक मूल्यों को अपनाकर बेहतर भविष्य बनाने का आह्वान किया।

प्राचार्य ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में सरकारी डिग्री कॉलेज की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इस महाविद्यालय की स्थापना से स्थानीय विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा के साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

समारोह में उपस्थित ग्रामीणों, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों ने बिहार सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे हनुमाननगर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उद्घाटन के दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।