दरभंगा में उच्च शिक्षा को नई उड़ान: आठ सरकारी डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, अब गांव में ही मिलेगी ग्रेजुएशन की पढ़ाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के ग्रामीण इलाकों में उच्च शिक्षा को नई दिशा देते हुए बुधवार को आठ नवस्वीकृत सरकारी डिग्री कॉलेजों का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान इन कॉलेजों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी, कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम, किरतपुर, तारडीह, अलीनगर, हनुमाननगर और सिंहवाड़ा प्रखंडों में सरकारी डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो गईं।

सिंहवाड़ा स्थित गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह में जाले के विधायक जीवेश कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने अभिभावकों से नए कॉलेजों में अधिक से अधिक नामांकन कराने की अपील की।

उद्घाटन के बाद कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद, डॉ. मोहम्मद तस्लीम तथा सनहपुर उच्च विद्यालय के शिक्षकों ने विधायक का मिथिला की पारंपरिक पाग, चादर और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कॉलेज में नामांकन लेने वाली पहली छात्रा ललिता कुमारी का भी सम्मान किया गया, जिससे छात्राओं के बीच सकारात्मक संदेश गया।

प्राचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में सरकारी डिग्री कॉलेजों की स्थापना बिहार सरकार का ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों, खासकर बेटियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।

वहीं, गौड़ाबौराम स्थित गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह में विधायक सुजीत कुमार ने कहा कि नए कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को अपने ही इलाके में बेहतर उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।

दोनों कार्यक्रमों में जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इन आठ नए सरकारी डिग्री कॉलेजों के शुरू होने से जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही स्नातक स्तर की पढ़ाई का अवसर मिलेगा और उच्च शिक्षा का दायरा और मजबूत होगा।