श्रम अधिकार दिवस पर जागरूकता शिविर, श्रमिकों को योजनाओं की दी जानकारी; लाभुकों में बांटे सांकेतिक चेक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

श्रम अधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार को उप श्रमायुक्त कार्यालय सभागार में एक दिवसीय ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण शिविर सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप श्रमायुक्त राकेश रंजन एवं संयुक्त आयुक्त (राज्य कर) प्रतिमा कुमारी सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे महिला-पुरुष श्रमिकों को श्रम कानूनों, न्यूनतम मजदूरी, ई-श्रम, प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य श्रम संसाधन विभाग की कल्याणकारी योजनाओं को जिले की हर पंचायत तक पहुंचाना है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने-अपने पंचायतों में कम से कम 100 लोगों को श्रमिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दें। उन्होंने बाल श्रम को सामाजिक कलंक बताते हुए 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का शत-प्रतिशत विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।

शिविर में 1 अप्रैल 2026 से लागू न्यूनतम मजदूरी दरों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सामान्य नियोजन में अकुशल श्रमिक के लिए 436 रुपये, अर्द्धकुशल के लिए 452 रुपये, कुशल के लिए 551 रुपये और अतिकुशल श्रमिक के लिए 672 रुपये प्रतिदिन निर्धारित हैं। यदि किसी श्रमिक को इससे कम भुगतान किया जाता है तो वह श्रम अधीक्षक या संबंधित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के पास शिकायत दर्ज करा सकता है।

संयुक्त आयुक्त (राज्य कर) प्रतिमा कुमारी ने कहा कि सरकार की श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ केवल श्रमिकों को ही नहीं, बल्कि उनके वैध आश्रितों को भी मिलता है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।

कार्यक्रम के दौरान बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच सांकेतिक चेक का वितरण किया गया। साथ ही श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई गईं और प्रशिक्षण में शामिल सभी श्रमिकों को अतिरिक्त एक दिन की मजदूरी तथा यात्रा भत्ता भी दिया गया।

शिविर में विभिन्न श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने श्रमिक पंजीकरण, ई-श्रम, प्रवासी मजदूर कल्याण, भवन निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा नए श्रम कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों ने कहा कि शिविर से उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिससे वे काफी उत्साहित हैं।