22 जुलाई को ASI ऑपरेटर भर्ती परीक्षा, 18 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा; 100 मीटर दायरे में धारा-163 लागू

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु) में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद पर नियुक्ति के लिए प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 22 जुलाई को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा एकल पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।

अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर सोनल कुमार ने जिलाधिकारी कौशल कुमार के संयुक्त आदेश के आलोक में बताया कि निषेधाज्ञा 22 जुलाई को सुबह 7 बजे से परीक्षा प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। जिले के शहरी क्षेत्र में स्थित 18 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की परीक्षा ली जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, हथियार लेकर चलने, लाउडस्पीकर के उपयोग तथा मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

हालांकि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस व सुरक्षा बल, प्रशासन द्वारा अधिकृत पासधारी व्यक्ति तथा शव यात्रा, धार्मिक जुलूस और पूर्व निर्धारित शादी-विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रम इस आदेश से मुक्त रहेंगे।

प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रतिबंधित सामग्री को अपने साथ लेकर परीक्षा केंद्र न आएं।