दरभंगा सदर के नए अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव ने संभाला पदभार,कहा–जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
दरभंगा सदर के नए अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव ने संभाला पदभार,कहा–जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
दरभंगा सदर के नए अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव ने संभाला पदभार,कहा–जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
दस्तक 7 मीडिया/ दरभंगा
दरभंगा सदर अनुमंडल के नए अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि उनका कार्यालय आम लोगों के लिए हमेशा खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना और प्रशासन को अधिक संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि वह दरभंगा सदर के सभी लोगों को शुभकामनाएं देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास कोई सकारात्मक सुझाव है या किसी प्रकार की समस्या है,तो वह बिना किसी झिझक के उनसे संपर्क कर सकते है। प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका यथासंभव शीघ्र समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि सदर अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में उनकी सबसे पहली प्राथमिकता क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून का राज कायम रखना और लोगों के बीच सुरक्षा का माहौल बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून तोड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ ने कहा कि इस समय मानसून का मौसम चल रहा है और संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान कई इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है,जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर जलनिकासी की व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा,ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि दरभंगा शहर में ट्रैफिक व्यवस्था भी एक बड़ी चुनौती है। बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण कई प्रमुख सड़कों पर जाम की समस्या बनी रहती है। इस दिशा में पुलिस और संबंधित विभागों के साथ मिलकर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे,ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिले।
कुमार गौरव ने कहा कि दरभंगा में कई महत्वपूर्ण सरकारी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें एम्स,एयरपोर्ट के विकास कार्य और मेट्रो परियोजना जैसी बड़ी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी,ताकि सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हो सकें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाना भी उनकी प्राथमिकता होगी। लोगों के सहयोग से ही विकास कार्यों को गति मिल सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक सुझाव देते रहें। पदभार ग्रहण के अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए एसडीओ का स्वागत किया। लोगों ने भी उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी,विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।