दरभंगा प्रमंडल के सभी नगर निकायों की योजनाओं की समीक्षा, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश,

कचरा प्रबंधन, जलजमाव रोकथाम, एंटी लार्वा छिड़काव और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर, डीएमसीएच में जलभराव नहीं होने देने के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने मंगलवार को प्रमंडल कार्यालय सभागार में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, भवन निर्माण स्वीकृति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शहरी निकायों में नियमित साफ-सफाई, नालों की समय पर उड़ाही और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान कहीं भी जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में छोटे नगर निकायों में भवन निर्माण के नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों के आवेदनों का पारदर्शी और निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए।

मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, सम्राट अशोक भवन निर्माण योजना और जल-जीवन-हरियाली अभियान सहित अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बरसात के मौसम को देखते हुए आयुक्त ने सभी नगर निकायों में डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा दवा का नियमित छिड़काव कराने का निर्देश दिया। साथ ही दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में जलजमाव नहीं होने देने के लिए उप नगर आयुक्त को विशेष सतर्कता बरतने और पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।

आयुक्त ने सभी नगर परिषद और नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सरकारी चापाकलों को पूरी तरह क्रियाशील रखने का निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों को पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए।

बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, सहायक निदेशक (योजना) प्रीति कुमारी, नगर आयुक्त तथा विभिन्न नगर परिषदों और नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।