दरभंगा, एक्शन मोड में ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी, घनश्यामपुर थाना का किया औचक निरीक्षण; लंबित मामलों के निपटारे और अपराधियों की धरपकड़ के सख्त निर्देश

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से दरभंगा की ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी ने सोमवार देर रात घनश्यामपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक पहुँचने से थाना परिसर में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की बारीकी से पड़ताल की और कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर अपनाए। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने थाना में संधारित सभी महत्वपूर्ण पंजियों और अभिलेखों को खंगाला। उन्होंने आगंतुक पंजी, पासपोर्ट, आरटीआई, लोक शिकायत पंजी और मासिक कार्य विवरणी की बारीकी से जांच की गई। हाजत की सुरक्षा, मालखाना का रखरखाव, ओडी जाँच और स्टेशन डायरी का मिलान किया गया। महिला हेल्प डेस्क की सक्रियता को परखा गया ताकि पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय मिल सके। ग्रामीण एसपी ने थानाध्यक्ष आलोक कुमार के साथ हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों के निष्पादन में अब कोई कोताही नहीं चलेगी। वारंटियों और फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत जांच प्रक्रिया में वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों को प्राथमिकता दें, ताकि अदालत में दोषसिद्धि की दर बढ़ सके।
ग्रामीण एसपी ने थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए कई अहम निर्देश दिए। रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने और सघन वाहन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया।
क्षेत्र के बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर इसे और चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। थाना क्षेत्र में शराब और मादक पदार्थों की तस्करी को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रभावी कार्रवाई का आदेश दिया गया।
आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया।
निरीक्षण के अंत में ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने दो-टूक शब्दों में कहा कि आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।