बंद कमरे में फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव,
 पति चेन्नई में करता है मजदूरी, एक वर्ष पहले हुई थी शादी

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

कमतौल थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव के वार्ड संख्या चार में एक नवविवाहिता का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मुख्तार महतो की 25 वर्षीय पत्नी निरसी देवी के रूप में हुई है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम डीएमसीएच में कराया गया।
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के भाई अजय कुमार महतो, निवासी बलहा मकसूदपुर (जनकपुर रोड), पुपरी थाना क्षेत्र ने बताया कि निरसी की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। उसका पति चेन्नई में मजदूरी करता है, जबकि वह गांव में अपनी सास के साथ रहती थी।
उन्होंने बताया कि रविवार रात भोजन करने के बाद निरसी अपने कमरे में सोने चली गई। सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर सास ने कई बार आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजे की दरार से झांककर देखा तो निरसी का शव फंदे से लटका मिला। यह देखते ही सास चीख-पुकार करने लगी।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग पहुंचे और मायके पक्ष को सूचना दी गई। इसके बाद कमतौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के भाई की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।
परिजनों के अनुसार, एस्बेस्टस की छत वाले कमरे में बांस के धरन से लाल दुपट्टे के सहारे शव लटका हुआ था और उसके पैर जमीन से करीब छह इंच ऊपर थे।
मृतका के भाई ने बताया कि निरसी ने आत्महत्या किस कारण की, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उनका कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।