खौलते माड़ में गिरने से तीन वर्षीय मासूम झुलसा, सीएचसी में चल रहा इलाज,परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

स्थानीय थाना क्षेत्र के गलमा गांव में मंगलवार को खाना बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। घायल बच्चे की पहचान अभियानत कुमार पासवान (3) के रूप में हुई है। वह जय राम पासवान का पुत्र तथा हरि पासवान का पोता है। परिजनों के अनुसार, घर में खाना बनाते समय चावल का खौलता हुआ माड़ एक गमले में निकालकर रखा गया था। इसी बीच बच्चे की मां किसी काम से दूसरे घर चली गई। खेलते-खेलते मासूम अभियानत कुमार पासवान खौलते माड़ से भरे गमले में गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
कुछ देर बाद जब बच्चे की मां सुलैना देवी वापस लौटीं तो उन्होंने बच्चे को झुलसी अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल दादा-दादी को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घनश्यामपुर लेकर पहुंचे। सीएचसी में चिकित्सकों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।