शराब के नशे में दरोगा ने आर्मी जवान पर झोंकी गोली, आंख में लगी बारूद की चिंगारी; सर्विस रिवॉल्वर व शराब की बोतल बरामद

दस्तक 7मीडिया हाजीपुर/पटना 

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच वैशाली जिले से कानून के रखवालों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर भगवानपुर थाना क्षेत्र के बांथू (वफापुर बामपुर) गांव के पास सोमवार तड़के कथित रूप से शराब के नशे में धुत एक दरोगा ने मदद करने आए सेना के जवान पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली सीधे जवान को नहीं लगी, लेकिन फायरिंग के दौरान निकले बारूद के कण उसकी आंख में जा लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी दरोगा की निजी कार सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई थी। कार पर पुलिस का स्टीकर लगा था। इसके बाद उसने पास के घर का दरवाजा खटखटाकर लोगों से मदद मांगी। घर के लोग और वहां मौजूद आर्मी जवान रजनीश कुमार इंसानियत के नाते कार निकालने पहुंचे। इसी दौरान नशे में धुत दरोगा ने वर्दी का रौब दिखाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब जवान ने इसका विरोध किया तो उसने बेहद करीब से अपनी सरकारी रिवॉल्वर से फायर कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी की पहचान अररिया जिले के फारबिसगंज थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर दीपक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़कर भगवानपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपी की कार से सर्विस रिवॉल्वर और शराब की एक बोतल बरामद की है। वैशाली सदर-2 के एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है ताकि शराब सेवन की पुष्टि हो सके। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बावजूद एक पुलिस अधिकारी पर शराब के नशे में उत्पात मचाने और देश के जवान पर जानलेवा हमला करने के आरोप ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।