गुप्त सूचना पर घनश्यामपुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चाय की दुकान से लोडेड पिस्टल व चार जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार,

थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में छापेमारी, एक मोबाइल भी बरामद; पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी

दस्तक 7मीडिया ,बिरौल /उत्तम सेन गुप्ता 

गुप्त सूचना के आधार पर घनश्यामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पाली मसवासी चौक स्थित एक चाय की दुकान पर छापेमारी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक लोडेड देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान राजन मिश्रा, पिता गणेश मिश्रा, निवासी महथवार गांव, थाना घनश्यामपुर, जिला दरभंगा के रूप में हुई है। गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध हथियार के साथ पाली मसवासी चौक स्थित एक चाय की दुकान पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की और घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद हथियार एवं कारतूस को पुलिस ने जब्त कर लिया है।इस कारवाई की सूचना मिलते ही एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी घनश्यामपुर थाना पहुंचे और गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की।

एसडीपीओ के निर्देश पर यह कार्रवाई थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार उसे कहां से मिला और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।