घनश्यामपुर में वाहन जांच के दौरान नशे के हालात में दो युवक गिरफ्तार,

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

घनश्यामपुर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। रविवार देर रात वाहन जांच के दौरान दो युवकों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई कमला बलान पश्चिमी तटबंध पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुढेव गांव निवासी मो. आलम अंसारी और मो. मुख्तार अंसारी के रूप में हुई है। ये दोनों गफूर अंसारी के पुत्र हैं और घनश्यामपुर थाना क्षेत्र, जिला दरभंगा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, नियमित वाहन जांच के दौरान दोनों युवक संदिग्ध अवस्था में पाए गए। जांच में उनके नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में नशे के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि समाज में नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। थाना अध्यक्ष ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने नागरिकों से नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।