खेत में छिपाया गया बुजुर्ग का शव, हत्या के आरोप में एक पुरुष व एक महिला से पूछताछ ,शव मिलने के बाद सड़क जाम ,चचेरे पोते पर हत्या का आरोप ?

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /हनुमाननगर


विशनपुर थाना क्षेत्र के डीहलाही गांव स्थित चौर में दिघरहिया पोखर के निकट ढैंचा के खेत में एक संदिग्ध शव बरामद हुआ है। बरामद शव डीहलाही निवासी बलदेव महतो का पुत्र 60 वर्षीय लक्ष्मण महतो का बताया जाता है। आरोप है कि पोते ने अपने ही चचेरे दादा की हत्या कर शव को धैंचा के खेत में छिपा दिया। सोमवार की दोपहर करीब 1:30 बजे हरा चारा काटने गए लोगों की नजर धैंचा के खेत में पड़े शव पर पड़ी। शव देखते ही लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को लहेरियासराय-समस्तीपुर मुख्य पथ पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब काफी देर तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। परिजन आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर विशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और आवागमन बहाल कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या कर फांसी पर लटकाने का प्रतीत हो रहा है।वास्विकता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। इस मामले में एक पुरुष और एक महिला को पुछताछ के लिए लाया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।