पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश, डीएम ने की जिला सैनिक कल्याण समिति की समीक्षा बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सैनिक कल्याण अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडलों के भूतपूर्व सैनिकों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी ने एजेंडा प्रस्तुत करते हुए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में स्पर्श (SPARSH) सेंटर के लिए कार्यालय उपलब्ध कराने, भूतपूर्व सैनिकों से जुड़े भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन, सैनिक हेल्प डेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा बिहार सरकार की रिक्तियों में भूतपूर्व सैनिकों के आरक्षण प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।

इसके अलावा कर्पूरी चौक से ईसीएचएस (ECHS) पॉलीक्लिनिक तक जाने वाली सड़क का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराने सहित अन्य सैनिक कल्याण संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

डीएम ने जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी को सैनिक हेल्प डेस्क में लंबित मामलों की अद्यतन सूची तैयार कर अगली अनुश्रवण समिति की बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि सभी मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में सैनिक कल्याण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई और उनके शीघ्र समाधान पर सहमति बनी।