दरभंगा में राशन कार्ड बनाने की रफ्तार तेज, अगले सोमवार तक 4 हजार नए कार्ड जारी करने का लक्ष्य

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में पात्र परिवारों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। सोमवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें अगले सोमवार तक 4,000 नए राशन कार्ड निर्गत करने का लक्ष्य तय किया गया। इसके लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को प्रतिदिन 509 राशन कार्ड तैयार कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में डीएम ने कहा कि जिले के किसी भी पात्र परिवार को राशन कार्ड के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, विकास मित्रों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों के सहयोग से अधिक से अधिक पात्र लोगों से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि दरभंगा जिले को कुल 15,268 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य मिला है। इसे समय पर पूरा करने के लिए आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने और नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का नाम किसी कारणवश राशन कार्ड से हट गया है, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर दोबारा राशन कार्ड बनाया जाए। साथ ही सर्वे कर पात्र परिवारों से जल्द आवेदन लेकर समयबद्ध तरीके से कार्ड निर्गत करने को कहा।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।