15 अगस्त तक टीबी मुक्त पंचायतों का लक्ष्य, रोज 15 हजार स्क्रीनिंग का डीएम का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में डीएम ने कहा कि प्रतिदिन 15 हजार लोगों की गुणवत्तापूर्ण स्क्रीनिंग, 2 हजार एक्स-रे तथा 500 सीबीएनएएटी (CBNAAT) जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी जांच और प्रगति रिपोर्ट समय पर निक्षय पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हर स्क्रीनिंग प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।

डीएम ने निर्देश दिया कि स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित संभावित मरीजों की सभी आवश्यक जांच समयबद्ध ढंग से कराई जाए तथा एनसीडीओ इसकी नियमित मॉनिटरिंग और समन्वय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले की चिन्हित पंचायतों को 15 अगस्त 2026 तक टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। इसके लिए संबंधित स्वास्थ्य पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी विशेष अभियान चलाकर कार्य करें।

उन्होंने आरबीएसके टीम को महादलित टोलों में घर-घर जाकर विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाने तथा संभावित टीबी मरीजों की पहचान करने का निर्देश दिया। वहीं, एनसीडीओ को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करने और स्क्रीनिंग की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौजूद रहे।