दरभंगा में राशन कार्ड अभियान होगा तेज, लंबित मामलों के जल्द निपटारे का डीएम ने दिया निर्देश
दरभंगा में राशन कार्ड अभियान होगा तेज, लंबित मामलों के जल्द निपटारे का डीएम ने दिया निर्देश
दरभंगा में राशन कार्ड अभियान होगा तेज, लंबित मामलों के जल्द निपटारे का डीएम ने दिया निर्देश
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राशन कार्ड निर्माण, सहयोग शिविर, टीवी मुक्त भारत अभियान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व और जन शिकायतों से जुड़े मामलों की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और तय समय-सीमा के भीतर उसका निष्पादन किया जाए।
डीएम ने बताया कि जिले में नए राशन कार्ड बनाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों से आवेदन लेने तथा उनका शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
बैठक में टीवी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) के लिए भूमि उपलब्धता और अन्य तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 15 जुलाई को जिले में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के उद्घाटन को लेकर सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आगामी सहयोग शिविर की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।