बिरौल-गंडौल मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात पिकअप की चपेट में आने से महेश सिंह की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

दस्तक 7 मिडिया बिरौल, दरभंगा।

बिरौल-गंडौल मुख्य मार्ग SH-17 पर भुसकौल से पश्चिम सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में महेश सिंह (45) की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक महेश सिंह बड़गांव थाना क्षेत्र के ही निवासी मुरली सिंह के पुत्र थे। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मृतक महेश सिंह अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी भुसकौल के समीप एक अज्ञात पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेश सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बिरौल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर बिरौल-बड़गांव थाना के सीमा को लेकर काफी देर तक मामला फंसा रहा। हादसे के बाद बड़गांव थाना पुलिस पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों का कहना था कि मौके पर पहुंची पुलिस का रवैया संवेदनहीन था, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने एसएच-17 को जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
विधि-व्यवस्था बिगड़ती देख स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आनन-फानन में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बड़गांव थाना के अलावा जमालपुर, बिरौल और घनश्यामपुर थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारी पीड़ित परिवार और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि सड़क जाम हटाकर यातायात को सुचारू किया जा सके। फिलहाल, घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है और ग्रामीण दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।