शराब के नशे में सड़क पर मिला सिपाही, मेडिकल में पुष्टि के बाद भेजा गया जेल

दस्तक 7मीडिया /पटना 

राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक में शराब के नशे में सड़क पर पड़े मिले एक सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

गिरफ्तार सिपाही की पहचान विनोद राम (पीटीसी-2251) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई। जांच रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद रामकृष्णानगर थाना में मामला दर्ज किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सिपाही नशे की हालत में सड़क पर दिखाई दे रहा है। वहीं, एक अन्य दृश्य में भीड़ में शामिल एक व्यक्ति उसे लात मारकर गिराता हुआ भी नजर आता है। इस घटना के बाद लोगों ने कानून लागू कराने वाली पुलिस पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून सबके लिए समान है और चाहे आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन और ड्यूटी में लापरवाही के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।