विदाई समारोह बना जनविश्वास और प्रशासनिक निरंतरता का प्रतीक, नए सीओ से विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

दस्तक 7 मीडिया / कुशेश्वरस्थान

कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में शनिवार को आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के बीच वर्षों से बने विश्वास, सहयोग और समन्वय का जीवंत उदाहरण बन गया। ढाई वर्षों का कार्यकाल पूरा कर स्थानांतरित हुए अंचलाधिकारी गोपाल पासवान को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नव पदस्थापित अंचलाधिकारी राकेश रोशन भारती का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही प्रखंड कार्यपालक सहायक अमित कुमार एवं कनीय अभियंता इंद्रजीत कुमार को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा ने की तथा संचालन जितेंद्र ठाकुर ने किया। समारोह में निवर्तमान अंचलाधिकारी गोपाल पासवान को पाग, अंगवस्त्र, चादर और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं नव पदस्थापित सीओ राकेश रोशन भारती का भी पाग, चादर एवं पुष्पमाला से स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, बीईओ प्रिंस झा, कुशेश्वरस्थान थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद, नदी थाना अध्यक्ष सुशील कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि गोपाल पासवान का कार्यकाल प्रशासनिक सक्रियता, पारदर्शिता और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता के लिए याद किया जाएगा। विशेष रूप से बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन, भूमि विवादों के त्वरित निपटारे, अतिक्रमण संबंधी मामलों तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते थे। यही कारण रहा कि प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ। कार्यक्रम मेंउसरी पंचायत के पूर्व मुखिया सीताराम राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोशन कुमार राय, जदयू नेता गौरव प्रसाद राय, लक्ष्मण राय, राजेश चौपाल, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि रामशंकर शर्मा, राजेश पासवान, मोहम्मद इस्लाम सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि गोपाल पासवान ने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष एवं जवाबदेह प्रशासन की मिसाल पेश की। उन्होंने हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और नियमानुसार समाधान का प्रयास किया, जिससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हुआ।
कुशेश्वरस्थान थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में गोपाल पासवान का सहयोग हमेशा सराहनीय रहा। वहीं बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी बेहतर समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। बीडीओ के संबोधन के दौरान समारोह का माहौल भावुक हो गया।


अपने संबोधन में निवर्तमान सीओ गोपाल पासवान ने कहा कि कुशेश्वरस्थान पूर्वी में कार्य करते हुए उन्हें जनप्रतिनिधियों, सभी राजनीतिक दलों, मीडिया, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला। सीओ श्री पासवान ने कहा कि यहां नौकरी करते थे लेकिन कभी नही लगा कि घर से दूर है कही भी रहेंगे तट कुशेश्वरस्थान दिल मे रहेगा ,उन्होंने कहा कि यही सहयोग उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि रहा। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपील की कि नए अंचलाधिकारी को भी इसी प्रकार सहयोग दें, ताकि विकास एवं जनहित के कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ते रहें।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा तथा सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम को मुखिया राजेश पासवान, परमानंद साह, रामशंकर शर्मा, विनीत कुमार, नरेश राय सहित अनेक लोगों ने भी संबोधित किया। समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मान, आत्मीयता और प्रशासनिक निरंतरता का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।