सड़कों के अतिक्रमण से जाम में कराह रहे लोग, कार्रवाई की मांग

संवादाता, हनुमाननगर, (दरभंगा)।

दरभंगा-समस्तीपुर पथ (एसएच-50) पर बढ़ते अतिक्रमण से आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। एकमी चौक से लेकर तारालाही, डीहलाही, विशनपुर और हनुमाननगर चौक तक सड़क के दोनों किनारों पर अवैध पक्के निर्माण होने से सड़क संकरी हो गई है। इससे प्रतिदिन जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
डीहलाही स्थित एलिवेटेड निर्माण कंपनी के बेस कैंप के समीप सड़क पर वाहनों का पड़ाव बनाए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। वहीं डीहलाही, विशनपुर एवं हनुमाननगर चौक पर सड़क की भूमि पर अवैध निर्माण कर किराये पर दुकानें संचालित की जा रही हैं। विशनपुर चौक से अतरवेल जाने वाले मार्ग पर अनधिकृत टेंपो स्टैंड के कारण पूरे दिन जाम की समस्या बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय तथा राज्य सरकार लगातार अतिक्रमण हटाने के निर्देश दे रही है, लेकिन इस मार्ग पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और जनप्रतिनिधियों की लगातार आवाजाही के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
राजद नेता रामनरेश यादव, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद चौधरी एवं मुखिया रामजी राम सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से एसएच-50 को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराकर सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की मांग की है।
फोटो
विशनपुर चौक पर जाम का नजारा।