दरभंगा की 1000 छात्राओं को मिलेगी छात्रवृत्ति, 22 जुलाई तक करें आवेदन,

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण  की ‘प्रज्ञा योजना’ के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित छात्राओं को मिलेगा लाभ, डीएलएसए ने जारी की पात्रता और आवेदन की जानकारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की “प्रज्ञा योजना” के तहत दरभंगा जिले की 1000 पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की सचिव आरती कुमारी ने शनिवार को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए छात्राओं से समय पर आवेदन करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि कक्षा 8वीं या उससे ऊपर अध्ययनरत छात्राएं इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, वंचित एवं विशेष परिस्थितियों में जीवन यापन करने वाली छात्राओं को शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत उन छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी जिनके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका हो, परिवार के एकमात्र कमाने वाले अभिभावक की मृत्यु हो गई हो, शारीरिक रूप से दिव्यांग हों, माता-पिता शिक्षा का खर्च उठाने में असमर्थ हों, पिता जेल में हों और माता की आय पर्याप्त न हो, जनजातीय समुदाय से हों तथा अन्य समान परिस्थितियों में रहने वाली कमजोर एवं वंचित छात्राएं।

डीएलएसए सचिव ने बताया कि इच्छुक छात्राएं 22 जुलाई 2026 तक जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा या अनुमंडलीय न्यायालय बेनीपुर एवं बिरौल में आवेदन जमा कर सकती हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड, विद्यालय का पहचान पत्र तथा पात्रता संबंधी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने पात्र छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।