पंचायती राज योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आयुक्त ने दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने पंचायती राज विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रमंडल स्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शनिवार को प्रमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त मौजूद रहे।

बैठक में पंचायत सरकार भवन निर्माण, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, 15वें वित्त आयोग अनुदान, कन्या विवाह मंडप योजना, मुक्तिधाम निर्माण योजना और ग्राम पंचायत पुस्तकालयों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने जिन पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है, वहां जल्द कार्य प्रारंभ कराने और निर्माण निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई हैं और इनके माध्यम से आम लोगों को सरकारी सेवाएं सुलभ होनी चाहिए।

सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सभी पंचायतों में खराब पड़ी लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराने, नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं कन्या विवाह मंडप और मुक्तिधाम निर्माण योजनाओं में तेजी लाने तथा स्वीकृत परियोजनाओं को जल्द आमजन के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

ग्राम पंचायत स्तर पर पुस्तकालयों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि पुस्तकालय ग्रामीण युवाओं और विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इनके निर्माण के साथ-साथ प्रभावी संचालन भी सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दूसरे सत्र में जिला परिषद की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने वित्तीय अनुशासन, नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और नियमित समीक्षा करते रहने का निर्देश दिया।

बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, दरभंगा के उप विकास आयुक्त स्वप्निल, समस्तीपुर के उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, मधुबनी के उप विकास आयुक्त सहित पंचायती राज विभाग एवं योजना शाखा के अधिकारी उपस्थित थे।