दरभंगा में गन्ना खेती बढ़ाने की तैयारी तेज, रैयाम और सकरी चीनी मिल के लिए चलेगा विशेष अभियान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

रैयाम एवं सकरी चीनी मिलों के सफल संचालन के लिए दरभंगा में गन्ना क्षेत्र विस्तार विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में शनिवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पैक्स अध्यक्ष एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला में बताया गया कि दोनों चीनी मिलों के सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक मिल के लिए करीब 30 हजार एकड़ क्षेत्र में गन्ना की खेती सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि रैयाम चीनी मिल के लिए छह प्रखंड तथा सकरी चीनी मिल के लिए 12 प्रखंड को इस विशेष अभियान में शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में ग्राम एवं पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यशाला में मुखिया एवं पैक्स अध्यक्षों से किसानों को गन्ना किसान पंजीकरण और सहकारी समिति की सदस्यता के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया। साथ ही किसानों को सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक किसान गन्ना खेती से जुड़ सकें।

सहायक निदेशक ईख विकास ने मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना, गन्ना यंत्रीकरण योजना, गन्ना क्षेत्र विस्तार योजना और गन्ना नर्सरी योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे सीसीएस बिहार पोर्टल पर अपने डीबीटी आईडी के माध्यम से अनिवार्य रूप से गन्ना पंजीकरण कराएं, ताकि किसानों को सभी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

कार्यशाला में सहायक निदेशक ईख विकास अजीत कुमार प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, जिला सहकारिता पदाधिकारी के प्रतिनिधि हर्षवर्धन यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।