दरभंगा पॉलिटेक्निक कॉलेज को मिले नए प्राचार्य, डॉ. अभय कुमार शर्मा ने संभाला कार्यभार,
गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, नियमित कक्षाओं और लैब आधारित शिक्षण पर दिया जोर

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा पॉलिटेक्निक कॉलेज को नए प्राचार्य मिल गए हैं। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार के निर्देश पर डॉ. अभय कुमार शर्मा ने 10 जुलाई को कॉलेज के प्राचार्य पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डॉ. शर्मा ने विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, कक्षाओं, प्रशासनिक कार्यालयों और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संस्थान में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को समर्पित भाव से कार्य करना होगा।

इसके बाद आयोजित बैठक में उन्होंने सभी व्याख्याताओं और कर्मियों को निर्देश दिया कि नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयोगशाला आधारित व्यावहारिक शिक्षण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा में प्रयोगात्मक ज्ञान की अहम भूमिका होती है, इसलिए सभी प्रयोगशालाओं का अधिकतम उपयोग किया जाए।

प्राचार्य ने 11 जुलाई से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित और छात्र-छात्राओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संपन्न कराई जाए। साथ ही नामांकन के लिए आने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को समय पर आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

डॉ. अभय कुमार शर्मा ने विश्वास जताया कि सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से दरभंगा पॉलिटेक्निक कॉलेज तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के अपने उद्देश्य को और प्रभावी ढंग से पूरा करेगा।