दरभंगा के छात्रों का कमाल: दृष्टिबाधितों के लिए बनाई एआई आधारित स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक, बाधा मिलते ही करेगी अलर्ट ,

हनुमाननगर के उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरो के दो छात्रों ने रोबोटिक्स व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया नवाचार, सड़क हादसों से बचाने में होगी सहायक।

हनुमाननगर दरभंगा/ संवाददाता


दरभंगा जिले के हनुमाननगर प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरो के छात्रों ने अपनी तकनीकी सोच और नवाचार से एक ऐसी एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक तैयार की है, जो दृष्टिबाधित लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। यह स्मार्ट स्टिक रास्ते में आने वाली बाधाओं का पहले ही पता लगाकर ध्वनि संकेत के माध्यम से उपयोगकर्ता को सतर्क कर देती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो सकती है।

इस अभिनव परियोजना को कक्षा नौ के छात्र उत्तम कुमार और सचिन कुमार ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में विकसित किया है। छात्रों ने बताया कि स्टिक के निर्माण में एलडीआर सेंसर, ऑर्डिनो (Arduino) बोर्ड और बजर का उपयोग किया गया है। जैसे ही सेंसर किसी अवरोध का पता लगाता है, बजर तुरंत बज उठता है और उपयोगकर्ता को आगे मौजूद बाधा की सूचना मिल जाती है।

प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग की पहल पर विद्यालय में रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई शुरू की गई है। आईएसएम लैब के तहत उपलब्ध रोबोटिक्स किट और आधुनिक सेंसरों की मदद से छात्र सामाजिक समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सौरभ सुमन से प्राप्त प्रशिक्षण का लाभ विद्यार्थियों को दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि छात्र अब समाजोपयोगी तकनीकी परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यालय के छात्र कई और नवाचारी प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे।

विद्यालय के छात्रों की इस उपलब्धि से शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी छात्रों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।