सहरसा :मटन की जगह चिकन परोसने पर निकाह में बवाल, बारात-शरातियों में लाठी-डंडे चले; 7 से अधिक घायल

दस्तक 7मीडिया /

सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र के राजनपुर गांव में निकाह का खुशी का माहौल उस समय हिंसा में बदल गया, जब भोज में मटन (खस्सी का मीट) की जगह चिकन परोस दिया गया। इस बात को लेकर बारात और लड़की पक्ष के लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे, लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट में दूल्हा पक्ष के सात से अधिक लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को सिमरी बख्तियारपुर के बलवापारा से बारात राजनपुर गांव पहुंची थी। दोपहर करीब तीन बजे निकाह की रस्में शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद मेहमानों के लिए भोज शुरू हुआ। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि पहले से तय हुआ था कि दावत में मटन परोसा जाएगा, लेकिन भोजन के दौरान चिकन परोसा गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

मारपीट में दूल्हे के चाचा मो. इरफान समेत दूल्हा पक्ष के सात से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। दूल्हा पक्ष ने लड़की पक्ष पर अचानक हमला करने का आरोप लगाया है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की है। उधर, महिषी थाना पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।