दरभंगा में 12 जुलाई को मद्यनिषेध अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा, 19 केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में मद्यनिषेध विभाग के अवर निरीक्षक (Sub Inspector Prohibition) भर्ती की लिखित परीक्षा 12 जुलाई (रविवार) को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगी। परीक्षा जिले के 19 केंद्रों पर एक ही पाली में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक होगी। परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला ने शुक्रवार को सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

प्रेक्षागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने बताया कि अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी, हॉटलाइन (VoIP) टेलीफोन, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी वीक्षकों एवं परीक्षा कर्मियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्व प्रशिक्षण देने और उनकी पहचान का सत्यापन करने का भी निर्देश दिया गया।

डीएम ने कहा कि परीक्षा के दौरान वीक्षक लगातार परीक्षा कक्ष में निगरानी रखेंगे। अभ्यर्थियों की दोबारा फ्रिस्किंग की जाएगी और बिना उचित कारण किसी को भी परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी वीक्षक, ऑपरेटर और अन्य कर्मियों को सुबह 7 बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी के लिए जिला स्तर से प्रतिनियुक्त डाटा एंट्री ऑपरेटर और कार्यपालक सहायकों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान कोई भी सीसीटीवी कैमरा बंद नहीं होना चाहिए।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि बिना वैध प्रवेश-पत्र और फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिसकर्मी और महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी लेंगी।